बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की मानुषमुड़िया पंचायत अंतर्गत बांसटोला और आसपास के गांवों में पिछले कई दिनों से एक जंगली हाथी ने उत्पात मचा रखा है. बेखौफ घूम रहे इस हाथी के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने को विवश हैं. वहीं हाथी ने कई किसानों के खेतों में घुसकर सब्जियों की लहलहाती फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है, जिससे किसानों को आर्थिक चपत लगी है. सोमवार की देर रात हाथी पाथरा जंगल से निकलकर सालदोहा बस्ती में जा घुसा और फिर अचानक मानुषमुड़िया मुख्य पथ पर आ धमका. (नीचे भी पढे़ं)
इस दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों की भारी मशक्कत के बाद हाथी को वापस पाथरा जंगल की ओर खदेड़ा गया. हाथी के लगातार मूवमेंट के कारण ग्रामीणों में डर इस कदर बैठ गया है कि शाम होते ही सड़कों पर आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता है. लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब हाथी को क्षेत्र से सुरक्षित दूर खदेड़ने की मांग की है.



