
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में बोनस समझौता पर सोमवार को हस्ताक्षर हो गया. समझौता के साथ ही दिसंबर माह में सारे लोगों का स्थायीकरण शुरू हो जायेगा. स्थायीकरण को लेकर तैयारी अभी से शुरू कर दिया गया है. इसके तहत बाइसिक्स के करीब 221 कर्मचारियों का स्थायीकरण होना है. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह ने बताया कि बाइसिक्स के कर्मचारियों की बहाली को लेकर सीनियरिटी लिस्ट निकाली जायेगी. इसके बाद सभी का बारी-बारी से स्थायीकरण हो सकेगा. सबका मेडिकल टेस्ट होगा, जिसके बाद फिट लोगों की बहाली होगी. सबको रिपोर्ट करना होगा. दिसंबर माह से स्थायीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी. जिनका स्थायीकरण होगा, उन बाइसिक्स कर्मचारियों को करीब 39 हजार रुपये का वेतन मिलेगा. उनका ग्रेड जमशेदपुर ऑपरेटिव (जेओ)-1 के बाद जेओ 5 तक का ग्रेड होगा. एक साल की ट्रेनिंग के साथ ही सारे लोगों की बहाली के बाद सारा लाभ स्थायी कर्मचारियों का मिलने लगेगा. इस बार सभी को ट्रेनिंग के बाद से ही पैसा मिलने लगेगा. इसके साथ ही 200 टीएमएसटी (कर्मचारी पुत्र-पुत्रियों) को खाली हुए 221 बाइ-सिक्स के पोजिशन पर इंट्री दी जायेगी यानी 200 टीएमएसटी (टाटा मोटर्स स्किल ट्रेनिंग पास) कर्मचारी पुत्रों को बाइसिक्स बनाया जायेगा, जिसके बाद वे लोग भी अस्थायीकर्मियों के पुल में हो जायेंगे, जिसका जब स्थायीकरण की सूची निकलेगी तब उनका भी स्थायीकरण हो सकेगा. बोनस समझौता के तहत स्थायी कर्मचारियों का बोनस की राशि एक सप्ताह के भीतर एकाउंट में भेज दी जायेगी जबकि अस्थायी कर्मचारियों को भी बोनस की राशि मिलेगी. इसके तहत 3700 अस्थायी कर्मचारियों को पूरे साल 2019-2020 में जितना काम किये होंगे, उसका जितना बेसिक और डीए हुआ होगा, उसका 8.33 फीसदी बोनस मिलेगा. उनके भी बैंक एकाउंट में पैसा चला जायेगा. इसके अलावा जो कर्मचारी एक अप्रैल 2019 से लेकर 31 मार्च 2020 तक सेवानिवृत हो चुके है, उनको भी 8.33 फीसदी बोनस मिलेगा. जो लोग स्वेच्छा से रिटायर हुए है, उनको 9700 रुपये का बोनस के बदले अनुदान मिलेगा. टाटा मोटर्स में चार साल में 1132 लोगों का स्थायीकरण हो चुका है, जिससे लोगों को रोजगार मिला है.

कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा-टाटा मोटर्स यूनियन ने किया कमाल का समझौता
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कोल्हान प्रमंडल के प्रवक्ता जम्मी भास्कर ने जमशेदपुर में इंटक यूनियनों के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद एवं टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह, अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते एवं कंपनी प्रबंधन के बीच मंदी के दौर में सम्पन्न ऐतिहासिक बोनस समझौते को मजदूरों के लिये लाभदायक, सुकून देने वाला एवं परिवार में खुशियां लाने वाला समझौता बताया है. कोल्हान के कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश मे ओद्योगिक मंदी के उपरांत कोविड 19 के लॉकडाउन से सारे कल कारखानो में उत्पादन बंद होकर नौकरियो के जाने का खतरा बना हुआ था, ऐसी स्थिति में टाटा मोटर्स में यूनियन द्वारा 221 बाई सिक्स कर्मचारियों का स्थाईकरण करना टाटा मोटर्स प्रबंधन एवं इंटक यूनियन की मजदूरों के प्रति प्रतिबद्धता एवं कुशलता को दर्शाता है, जिसके लिये जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह, अध्यक्ष गुरमीत तोते, झारखंड प्रदेश इंटक अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद एवं यूनियन के पदाधिकारी एवं प्रबंधन को कांग्रेस पार्टी की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान करती है.
















