रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : झारखंड में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के सिलेबस को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी ने परीक्षा के सिलेबस में ओड़िया भाषा की अनदेखी का आरोप लगाते हुए महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने अपने पत्र में बताया है कि झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा 28 मार्च 2026 को जारी जेटेट सिलेबस में ओड़िया भाषा को उसकी मूल उड़िया लिपि के बजाय देवनागरी लिपि में प्रकाशित किया गया है. इसे उन्होंने भाषा और लिपि दोनों का अपमान बताते हुए कहा है कि ओड़िया भाषा भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल एक मान्यता प्राप्त प्राचीन भाषा है, जिसकी अपनी स्वतंत्र लिपि, वर्णमाला और व्याकरण है. ऐसे में देवनागरी में सिलेबस जारी करना अनुचित करार देते हे कहा है कि इससे ओड़िया भाषी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है. उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 350(बी) का हवाला देते हुए भाषाई अल्पसंख्यकों की भाषा और लिपि के संरक्षण की बात भी उठाई. (नीचे भी पढ़ें)
श्री षाड़ंगी ने आरोप लगाया कि जेटेट सिलेबस में अन्य भाषाओं के लिए गद्यांश और पद्यांश शामिल किए गए हैं, जबकि ओड़िया भाषा के अभ्यर्थियों को इस सुविधा से वंचित रखा गया है. उन्होंने इसे स्पष्ट भेदभाव करार दिया. उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि झारखंड में पहले से ही ओड़िया भाषा की पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षक और पाठ्यपुस्तकों की कमी है, जिससे ओड़िया भाषी छात्रों की स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके आलोक में उन्होंने ओड़िया सिलेबस को ओड़िया लिपि में पुनः प्रकाशित किये जाने, ओड़िया विषय में गद्यांश एवं पद्यांश (10+10 = 20 अंक) जोड़े जाने, अन्य भाषाओं की तरह मॉडल प्रश्न पत्र ओड़िया लिपि में जारी किये जाने की मांग की है. श्री षाड़ंगी ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से इस मामले में जल्द हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा है कि इससे न केवल अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा होगी, बल्कि ओड़िया भाषा और लिपि का सम्मान भी बनाए रखा जा सकेगा.














