मेदिनीनगर: पलामू के नए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को पदभार ग्रहण कर लिया है. उन्होंने निवर्तमान डीसी समीरा एस से औपचारिक रुप से जिम्मेदारी संभाली. नए उपायुक्त ने अधिकारियों से साथ संक्षिप्त बैठक कर जिले की प्रशासनिक व्यवस्था,विकास योजनाओं और कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरुप विकास योजनाओं को तेज गति से जमीन पर उतारना पहली प्राथमिकता होगी.(नीचे भी पढ़े)
साथ ही साथ उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही व जनहित को केंद्र में रखकर प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए. समीरा एस ने कहा कि कम समय में उन्हें पलामू में काफी कुछ सीखने का अवसर मिला. कहा कि यहां के लोगों और पदाधिकारियों के सहयोग से उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया. इस दौरान उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया. इस दौरान डीडीसी जावेद हुसैन, एसडीएम सुलोचना मीणा समेत काफी संख्या में पदाधिकारी मौजूद थे.



