जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में शुक्रवार देर रात मोबाइल चोरी की घटना सामने आई है. आदित्यपुर के भटिया बस्ती निवासी अजीत कुमार सिंह का आईफोन अस्पताल के हॉल से चोरी हो गया. घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है. पीड़ित अजीत कुमार सिंह ने बताया कि उनकी मां अस्पताल में भर्ती हैं और वह अस्पताल के हॉल में सो रहे थे. रात में नींद खुलने पर उन्होंने पाया कि उनकी जेब में रखा आईफोन गायब है. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसके बाद उन्होंने शनिवार को एमजीएम थाना में सन्हा दर्ज कराया. सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की. फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है, लेकिन उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है. चोरी हुए आईफोन की कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई जा रही है. गौरतलब है कि एमजीएम अस्पताल में पहले भी मोबाइल और पर्स चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. कई मामलों में होमगार्ड जवानों की सतर्कता से चोरी का सामान बरामद किया गया था. हालांकि इस मामले में सूचना देर से मिलने के कारण संदिग्ध युवक अस्पताल परिसर से निकल चुका था. घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस ने अस्पताल परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों पर निगरानी बढ़ा दी है तथा जांच जारी है.




