जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को बहुप्रतीक्षित ऑक्सीजन प्लांट का संचालन शुरू हो गया. मेडिकल कॉलेज भवन के पीछे स्थापित इस आधुनिक प्लांट के चालू होने से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिली है. अब आईसीयू, इमरजेंसी, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), वार्ड सहित विभिन्न विभागों में पाइपलाइन के माध्यम से सीधे ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी. अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट शुरू होने से मरीजों को सुरक्षित और निर्बाध ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा सकेगी. उन्होंने कहा कि प्लांट में 1800 लीटर क्षमता की लिक्विड ऑक्सीजन टंकी स्थापित की गई है, जिससे अस्पताल के विभिन्न विभागों में लगातार ऑक्सीजन सप्लाई सुनिश्चित होगी. (नीचे भी पढ़ें)
यह सुविधा विशेष रूप से गंभीर मरीजों के उपचार में काफी सहायक साबित होगी. अब तक अस्पताल के कई विभागों में सिलेंडरों के माध्यम से मैनुअल तरीके से ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाती थी. इसके लिए सिलेंडरों की उपलब्धता, परिवहन और रखरखाव की व्यवस्था करनी पड़ती थी. नई पाइपलाइन प्रणाली लागू होने के बाद इन चुनौतियों से काफी हद तक राहत मिलेगी और ऑक्सीजन की आपूर्ति अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से हो सकेगी. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ऑक्सीजन प्लांट के शुरू होने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल ऑक्सीजन उपलब्ध कराना संभव होगा. इससे आईसीयू, इमरजेंसी और ऑपरेशन थिएटर में भर्ती मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी तथा अस्पताल की उपचार क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी.







