जमशेदपुर : टाटा स्टील की सुरक्षा टीम ने बुधवार तड़के एक बड़ी चोरी की वारदात को विफल करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षा विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सुबह करीब 4:30 बजे जमशेदपुर प्लांट परिसर के अंदर विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान कंपनी की मूल्यवान सामग्री चोरी करने का प्रयास कर रहे तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया. सुरक्षा कर्मियों ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 79 किलोग्राम तांबे (कॉपर) की केबल बरामद की है, जिसकी बाजार में अच्छी-खासी कीमत बताई जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुगसलाई निवासी मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शहबाज और मुबारक अली के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील प्रबंधन के अनुसार, समय रहते कार्रवाई किए जाने से कंपनी की संपत्ति को नुकसान पहुंचने से बचा लिया गया. सुरक्षा विभाग द्वारा आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस के हवाले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों के संभावित आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.







