जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह मंगलवार, 4 फरवरी को आयोजित हो रहा है. समारोह की सारी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. समारोह में महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष गंगवार मुख्य अतिथि होंगे. दीक्षांत समारोह का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित विभिन्न कमेटियों ने अपने-अपने कार्यों को अंतिम रूप दे दिया है. कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा कैंपस में भव्य रूप में आयोजित होगा. कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने सोमवार को सारी कमेटियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.
बता दें कि द्वितीय दीक्षांत समारोह में कुल 872 छात्राओं का पंजीकरण हुआ है. इनमें से 32 छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा. इस दौरान विवि के 59 रैंक होल्डर छात्राएं उपस्थित रहेंगी. बैठक में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ किश्वर आरा, प्रॉक्टर डॉ सुधीर कुमार साहू, कुलसचिव राजेंद्र जायसवाल, परीक्षा नियंत्रक रमा सुब्रमण्यन, वित्त पदाधिकारी डॉ जावेद अहमद, विकास पदाधिकारी डॉ सलोमी कुजूर, स्पोर्ट्स और कल्चर कमेटी के चेयरमैन डॉ सनातन दीप, आइक्यूएसी डायरेक्टर डॉ रत्ना मित्रा और सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक मौजूद रहे. बीती शाम 5 बजे विश्वविद्यालय की एकेडमिक परेड का अंतिम रिहर्सल भी आयोजित हुआ.



