देवघर: जिलावासियों की सुविधा को लेकर उपायुक्त विशाल सागर द्वारा शनिवार को सदर अस्पताल परिसर स्थित नए भवन में ओपीडी एवं अन्य कक्षों का उद्घाटन किया गया. इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि आवश्यक सभी सुविधाओं के अलावा नये भवन का रंग रोगन, विद्युत व्यवस्था समेत नये स्थान पर ओपीडी कक्ष के बाहर बैठने की व्यवस्था और पूछताछ काउंटर भी बनाया गया है. इसके अलावा उपायुक्त विशाल सागर द्वारा जानकारी दी गयी कि नए भवन में एक छत के नीचे ही ओपीडी, सर्जरी कक्ष, शिशु रोग ओपीडी, आयुष्मान भारत कक्ष, एनसीडी क्लिनिक, ऑर्थो ओपीडी, सर्जरी ओपीडी, ड्रेसिंग रूम, मेडीसीन ओपीडी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है, ताकि मरीजों को असुविधा का सामना न करना पड़े. (नीचे भी पढ़ें)
सौन्दर्यीकरण व ग्रीनरी पर दें विशेष ध्यान- उपायुक्त विशाल सागर
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर के साफ-सफाई, ग्रीनरी एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दे, ताकि यहां आने वाले लोगों को एक सुखद अनुभूति हो. साथ हीं उन्होंने कहा कि जैसा कि हम सभी जानते हैं कि एक स्वच्छ वातावरण से हीं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है. ऐसे में यदि यहां ईलाज हेतु आने वाले लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाय तो स्वच्छता के अभाव में होने वाले बीमारियों से लोगों का बचाव किया जा सकेगा. सभी का यह प्रयास होना चाहिये कि लोगों को अस्पताल परिसर में एक स्वच्छ व सुंदर माहौल उपलब्ध करायी जाय. इस दौरान उपरोक्त के अलावे सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा मुकेश कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ प्रभात कुमार, जिला भीभीडी पदाधिकारी डॉ गणेश कुमार, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, चिकित्सकों की टीम एवं संबंधित अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे.



