चांडिल / जमशेदपुर : सरायकेला जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के चीलगू के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. मंगलवार सुबह परिजनों को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की. शव की पहचान लक्ष्मण घटवर (48) के रुप में हुई है. शिनाख्त के पश्चात पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की जानकारी देते हुए मृतक के बड़े भाई ने बताया कि वह तीन भाईयों में मझला था. वह परिवार के साथ आदित्यपुर के राम मड़ैया बस्ती में रहता था. मृतक के चार बच्चे थे. (नीचे भी पढ़ें)
सोमवार शाम करीब 5 बजे वह काम से नोवाडीह गया था. तभी आदित्यपुर लौटते वक्त करीब 8.30 बजे चीलगू के समीप ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया. वहीं रात का फायदा उठाकर ट्रैक्टर भागने में सफल रहा. स्थानीय लोगों के सहयोग से इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. पुलिस घायल को एमजीएम अस्पताल पहुंचायी, जहां डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया. इसकी जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को मंगलवार सुबह दी, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया. मृतक राजमिस्त्री का काम करता था.



