जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम क्षेत्र के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि धर्मेन्द्र प्रसाद ने यातायात के पुलिस उपाधीक्षक (ट्राफिक डीएसपी) को ज्ञापन सौंपकर 3 मार्च संस्थापक दिवस के मद्देनजर तीन दिनों तक वाहन जांच अभियान में छूट देने के अनुरोध किया है. इस मौके पर साथ में स्वास्थ्य सेवा के विधायक प्रतिनिधि नीरज सिंह विशेष तौर पर मौजूद थे. उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा है कि प्रतिवर्ष 3 मार्च को जमशेदजी नसरवानजी टाटा के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर जुबिली पार्क एवं शहर में विद्युत सज्जा की जाती है. (नीचे भी पढ़ें)
यह विद्युत सज्जा 3 दिनों तक चलता है जिसमें काफी संख्या में जमशेदपुर के साथ ही आसपास एवं अन्य क्षेत्रों से आगंतुक भ्रमण के लिए आते हैं. भ्रमण के लिए आनेवाले आगंतुकों की सुविधा के मद्देनजर यातायत पुलिस द्वारा वाहन जांच में छूट दिया जाता है. श्री प्रसाद ने खेद व्यक्त किया है कि वर्षों से चलती आ रही इस परंपरा की कड़ी को तोड़ते हुए इस वर्ष वाहनों के लिए गहन जांच अभियान चलाया जा रहा है जिससे आगंतुकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इससे परेशान नागरिक जन प्रतिनिधियों से संपर्क कर अपनी परेशानियों को साझा कर रहे हैं तथा प्रशासन के खिलाफ अपनी घोर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं. उन्होंने यातायात पुलिस उपाधीक्षक से अनुरोध किया है कि जनहित में 3 मार्च को घुमने जाने वाले आगंतुकों के लिए 3 दिनों तक यातायत जांच में छूट दिया जाये ताकि नागरिक अपने परिजनों के साथ विद्युत सज्जा का आनंद उठा सकें.



