कपाली: जमशेदपुर से सटे सरायकेला खरसावां जिले के कपाली के हासाडूंगरी में कपाली नगर परिषद द्वारा दो साल पूर्व पार्क का निर्माण कराया गया था. लेकिन पार्क में लगे लोहे की रेलिंग को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है. पार्क में नियमित साफ- सफाई भी नहीं की जाती है. इसको लेकर कपाली नगर परिषद के प्रशासक गोपी कृष्ण ने बताया कि यह पार्क कपाली क्षेत्र के लोगों के लिए बनाया गया है ताकि लोग यहां पर अच्छा टाइम व्यतीत कर सकें लेकिन हमें सूचना मिली है कि असामाजिक तत्वों द्वारा लोहे की रेलिंग की चोरी कर ली गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
हमने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां पर लाइट लगाने का आदेश दे दिया है ताकि अड्डाबाजी बंद हो सके. इस संबंध में कपाली ओपी को भी सूचना दे दी गयी है. इस पर जल्दी कार्रवाई की जाएगी. वहीं पूर्व वार्ड पार्षद मोहम्मद इरफान ने कहा 2 साल पहले डेढ़ करोड़ की लागत से पार्क और नाले का निर्माण कराया गया था लेकिन अब स्थिति बदहाल हो चुकी है. नाली की भी साफ- सफाई नहीं की जाती है. हमने कपाली नगर परिषद से बात की है कि इस संबंध में एक एफआईआर दर्ज होनी चाहिए और जो भी लोग इसमें शामिल है उसपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.



