रांची: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साव का मंगलवार को मुठभेड़ में एन्काउंटर हो गया. इस पर भाजपा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड पुलिस द्वारा एक कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर प्रदेश में आपराधिक साम्राज्य चलाने वालों के लिए कड़ा संदेश है. जो कानून को चुनौती देगा, उसका यही हश्र होगा. जनता की सुरक्षा और शांति के लिए ऐसे अपराधियों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है. पुलिस प्रशासन को इसी दृढ़ता से अपनी कार्रवाई जारी रखनी चाहिए. साथ ही विपक्ष के और भाजपा नेताओं ने सरकार की इस कार्रवाई की प्रशंसा की. उन लोगो ने कहा कि राज्य में अमन चैन चाहिए. रंगदारी, अपहरण, हत्या करने वालों के साथ सरकार इसी तरह की कार्रवाई करेगी.
आज कुख्यात गैंगस्टर अमन साव का एनकाउंटर हो गया.(नीचे भी पढ़े)
सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता इस फैसले को सही बता रहे हैं लेकिन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सवाल खड़ा किया है. उन्होंने कहा है कि डीजीपी पहले ही स्वीकार कर चुके हैं कि जेल से सबकुछ संचालित हो रहा है. तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई. आप अमन साव को सुरक्षित करके ला रहे थे, कस्टडी में ला रहे थे तो फिर एनकाउंटर की बात कहां से आ गई. एनकाउंटर किया है तो कोई राज खुलने वाला था. इसलिए इस तरह से एनकाउंटर हुआ है. सीबीआई से मामले की जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा है कि आप अमन साव को सुरक्षा में ला रहे थे. आप उसे पकड़ने नहीं गये थे. जब कोई क्राइम करके दौड़ के जाता है और तब उसको मारा जाता है तो उसे एनकाउंटर कह सकते हैं. जब सारी सुरक्षा के बीच लाया जा रहा था तब एनकाउंटर हुआ तो यह जांच का विषय है. हो सके उससे बहुत कुछ बात निकल सकता था. उसके आप कुछ जानने के लिए ही ला रहे थे. इसकी जांच होनी चाहिए.



