आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां की आदित्यपुर पुलिस ने अपराध की योजना बनाते कुख्यात अपराधकर्मी रवि राम उर्फ छोटू राम को उसके सात सहयोगियों के साथ गिरफ्तार कर न्याय हिरासत में भेज दिया है. एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रिपल मर्डर केस मामले में जेल से जमानत पर छूटे अपराधकर्मी छोटू राम अपने गुर्गों के साथ आदित्यपुर थाना अंतर्गत धीराजगंज इलाके में एक जगह पर बैठकर अपराध की योजना बना रहा है, जिसके बाद थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोलू गुप्ता, छोटू राम, सुमित गोप, अंगद प्रमाणिक, रोहित महतो, सूरज महतो, अनीश कुमार शर्मा और राजू कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो, एक बुलेट और अलग- अलग कंपनियों के सात मोबाइल बरामद किए हैं. उन्होंने बताया कि रवि राम उर्फ छोटू राम, गोलू गुप्ता, अंगद प्रमाणिक, सूरज महतो और राजू कुमार वर्मा का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है.



