गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के बड़ाखुर्शी गांव के किसान सिंचाई की समस्या को लेकर चिंतित हैं. बड़ाखुर्शी, गिधिबिल, कुलियाना, बिरहीगोड़ा, छोलागोड़, काशिया, सालबनी, छोटाख़ुर्शी, पुतड़ु, दलदली, खड़ियाडीह, बागालगोड़ा, कमारीगोड़ा, बड़बिल, जोड़सा, पिंडराबाद के किसानों ने बताया सिंचाई की समस्या के कारण सब्जी, धान व गेंहू में समय पर पटवन नहीं कर पाते है. तालाब से खेतों तक पानी लाने का कोई साधन नहीं है. नहर में समय पर पानी नहीं आता. कुछ किसान डीजल पंप आदि की मदद से खेती करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
किसानों ने कोल्ड स्टोरेज की मांग की : किसानों ने बताया कि यहां कोल्ड स्टोरेज नहीं है. कोल्ड स्टोर नहीं रहने से आलू उत्पादक किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गर्मी की धमक शुरू होने के साथ ही आलू सड़ने की संभावना कायम होने लगी है, जिससे किसान परेशान है. साथ ही मजबूरी में वे सस्ते दरों पर आलू बेचने का मजबूर है. इस बार आलू की अच्छी पैदावार हुई थी. लेकिन किसान उत्पादित आलू का भंडारण बेहतर ढ़ंग से नहीं कर पा रहे हैं. कोल्ड स्टोरेज नहीं होने के कारण कुछ किसान तो औने-पौने दाम में तत्काल ही आलू को बेच दिया. कोल्ड स्टोरेज के अभाव में कई तरह की परेशानी हो रही है. किसानों ने क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था की मांग की है.



