रांची / जमशेदपुर : झारखंड समेत पूरे कोल्हान में लगातार दो दिन से मौसम बदला हुआ है, जिससे लोगों को तिखि गर्मी से राहत मिली है. वहीं झारखंड के मौसम विभाग के रांची केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने पूर्वानुमान जारी कर बताया है कि राज्य में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान 23 मार्च तक तेज हवाओं के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है. वहीं शुक्रवार को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में काले बादल छाये रहें और बूंदाबांदी होती रही. बीते 24 घंटे में चाईबासा में सबसे अधिक बारिश 54.1 एमएम दर्ज किया गया. वहीं जमशेदपुर में गुरुवार को 7.7 एमएम बारिश रिकॉर्ड किया गया. शुक्रवार को खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम जिले में बारिश के साथ तेज हवाओं को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान हवा की गति 60-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी – झारखंड में शनिवार को राज्य के दक्षिणी, मध्य एवं उत्तर-पूर्वी भागों में यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुर और साहेबगंज जिले में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी है. वहीं रविवार को दक्षिण-पूर्वी और उत्तर पूर्वी हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है.
इन जिलों में अगले दो दिन येलो अलर्ट – शनिवार को राज्य के उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों के पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है.



