रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : ओटार पंचायत के राइबेडा गांव में पंचायत समिति सदस्य गोंडाराम दिग्गी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की हुई एक बैठक में प्रमुख पीटर घनश्याम तियू मुख्य रूप से उपस्थित थे. बैठक में ग्रामीणों ने गर्मी में गांव का नलकूप खराब रहने से लोगों को पीने के पानी की हो रही दिक्कत की ओर उनका ध्यान आकृष्ट कराते हुए नलकूप की जल्द मरम्मत कराने की मांग की. इसके साथ ही ग्रामीणों ने राइबेड़ा के लोगों के राशन की दुकान राजापारम में होने के कारण ग्रामीणों को राशन लाने के लिए काफी दूरी तय करने की मजबूरी की जानकारी देते हुए उनसे पूर्व की भांति राइबेड़ा में ही राशन वितरण शुरू कराने की मांग भी की, ताकि ग्रामीणों को समय पर और बिना किसी परेशानी के राशन उपलब्ध हो सके. (नीचे भी पढ़ें)
प्रमुख पीटर घनश्याम तियू ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद उन्हें पेयजल विभाग के एसडीओ से मिल कर गांव के सारे नलकूपों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि नलकूपों की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू नहीं होने की स्थिति में वे इसके लिए डीसी से भी मांग करेंगे. उन्होंने कहा कि राइबेडा में ही राशन की सामग्री ग्रामीणों को मिले, इसके लिए वे प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से बात कर समस्या का समाधान कराने की पहल करेंगे. बैठक में ग्रामीणों ने गांव की सड़क, स्वास्थ्य, अबुआ आवास समेत विभिन्न समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया. इस मौके पर मानकी गैब्रियल बोदरा, संजय गगराई, सानगी बोदरा, सिंहराय गगराई, प्रेमशिला गगराई, सीमा बोदरा, माधुरी बोदरा, राखी पुर्ती समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.



