सरायकेला : जिले के कोलाबिरा निवासी आदर्श चौधरी ने जेईई मेन परीक्षा में 98.18 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है. उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है. आदर्श ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे इलाके का नाम रौशन किया है. आदर्श के इस शानदार प्रदर्शन पर उनके दादा अनिल चौधरी, पिता अमित चौधरी और माता प्रतिभा चौधरी अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों का कहना है कि आदर्श शुरू से ही पढ़ाई में रुचि रखने वाला और अनुशासित छात्र रहा है. उसने अपनी मेहनत, समर्पण और नियमित पढ़ाई से यह मुकाम हासिल किया है. आदर्श की सफलता में उसकी लगन, परिवार का सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन महत्वपूर्ण योगदान रहा है. वह रोज़ाना निर्धारित समय पर पढ़ाई करता था और हर विषय में गहराई से समझ बनाने का प्रयास करता था. स्कूल के शिक्षकों ने भी उसकी प्रशंसा करते हुए कहा कि आदर्श एक मेधावी और अनुशासित और हमेशा पढ़ाई को लेकर गंभीर छात्र रहा है. आदर्श अब जेई एडवांस की तैयारी में जुट गया है और उसका लक्ष्य आइआइटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में दाखिला लेना है.













