काबुल : अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने साफ किया है कि भारत की कोई मिसाइल उनकी जमीन पर नहीं गिरी है. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्लाह ख्वारिज्मी ने बयान जारी करते हुए पाकिस्तान के उस दावे को गलत बताया है, जिसमें पाकिस्तान की तरफ से कहा गया था कि भारत की मिसाइल अफगानिस्तान में गिरी है. भारत पहले ही पाकिस्तान के इस दावे को सिरे से खारिज कर चुका है. अब अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान ने भी पाकिस्तान को झूठा करार दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
तालिबान शासन ने कहा है कि पाकिस्तान का दावा आधारहीन है. किसी भारतीय मिसाइल ने अफगान जमीन को हिट नहीं किया है. अफगान रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्लाह ख्वारिज्मी ने हुर्रियत रेडियो से बातचीत में कहा, ‘हमने अफगान क्षेत्र पर भारत के मिसाइल हमले के बारे में पाकिस्तान के दावे को दृढ़ता से खारिज किया है. ऐसे दावों में कोई सच्चाई नहीं है.’ (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि पाकिस्तानी सेना ने दावा किया है कि भारत ने अफगानिस्तान में मिसाइल हमला किया है, जिनका मकसद पूरे इलाके को अस्थिर करना है. पाकिस्तानी एयर फोर्स ने अफगानिस्तान में गिरी भारतीय मिसाइल के सबूत होने का भी दावा किया. पाकिस्तान के बड़े राजनेताओं, एजेंसियों और मंत्रियों ने भी इस अफवाह को आगे बढ़ाया है.
पाकिस्तान के इस दावे के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि अफगान लोग अच्छी तरह जानते हैं कि उनके असली दुश्मन कौन हैं. भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पाकिस्तान के दावे को पूरी तरह से झूठा और हास्यास्पद बताते हुए कहा है कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ अफवाहों का सहारा ले रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान के रिश्ते बीते कुछ समय से अच्छे नहीं हैं. वहीं भारत से तालिबान के रिश्ते सुधरे हैं. ऐसे में पाकिस्तान को डर है कि उसके खिलाफ अफगानिस्तान की सीमा पर एक और फ्रंट खुल सकता है. इसी से बचने के लिए पाकिस्तान अफवाह फैलाकर अफगानिस्तान में भारत विरोधी माहौल बनाना चाहता है, लेकिन तालिबान सरकार ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान झूठ बोल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि भारतीय सेना की ओर से विगत 6 मई की रात शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान और भारत में तनाव बढ़ा हुआ है. एक तरफ बॉर्डर पर गोलीबारी और हवाई हमले हो रहे हैं तो वहीं पाकिस्तान ने कई अफवाह उड़ाकर भी भारत विरोधी नैरेटिव बनाने की कोशिश की है. इसमें अफगानिस्तान में मिसाइल हमले का दावा भी शामिल है.



