जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके पटमदा थाना अंतर्गत दिघी गांव में शनिवार को दोपहर करीब 4 बजे एक बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो गया. बेलटांड़- रघुनाथपुर मुख्य सड़क के बीच हुई घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक के सिर व चेहरे पर चोटें आयी हैं. इस दौरान रास्ते से गुजर रहे शिक्षक सह पटमदा निवासी पंचानन महतो ने इसकी सूचना पटमदा पुलिस को दी.(नीचे भी पढे)

इसके बाद पुलिस पहुंची और घायल युवक को इलाज माचा सीएचसी ले जाया गया. घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर ही युवक बेहोशी की हालत में गिरा हुआ था और लोग मृत समझकर उठा नहीं रहे थे. ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक कुईयानी स्थित चड़क मेला से लौट रहा था. लौटते वक्त उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. जिसमें युवक गंभीर रुप से घायल हो गया. युवक की बाइक नयी है और उस पर नंबर अंकित नहीं होने से उसका नाम, पता के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी. (नीचे भी पढे)
पुलिस के पहुंचने के बाद उसके मोबाइल पर एक कॉल आने से उसकी पहचान पटमदा के ही घोड़ाबांधा निवासी शंकर सिंह के रूप में हुई. लोगों का कहना है कि युवक नशे की हालत में बाइक से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे वह दुर्घटना का शिकार हुआ.



