पलामू: पलामू में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए है. घायलों को स्थानीय अस्तपाल में भर्ती कराया गया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. मिली जानकारी के अनुसार नावा चुनवा गांव से बारात सतबरवा जा रही थी. इसी दौरान तरहसी थाना क्षेत्र के बेदानी मोड़ के पास बारातियों से भरी बस की टक्कर एक पिकअप वैन से हो गयी.(नीचे भी पढ़े)
टक्कर इतनी तेज थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवारियों में चीख-पुकार मच गयी. घटना की जानकारी मिलते ही तरहसी थाना प्रभारी नीरज कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घायलों को तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया. तरहसी थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि 4 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 2 की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि बाकी 2 की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई. मृतकों की पहचान नावा चुनका गांव के विकेश सिंह, चंदन सिंह, विकास सिंह और एक अन्य विकेश सिंह के रूप में हुई है.



