चाकुलिया: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी बुधवार को कोल्हान विवि के कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता से चाईबासा स्थित उनके कार्यालय में मिले और डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद होने से उत्पन्न कठिनाईयों से उन्हें अवगत कराया. डॉ गोस्वामी ने कहा कि डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद हो जाने से इंटर द्वितीय वर्ष के छात्र- छात्राओं का भविष्य अधर में लटक जायेगा. (नीचे भी पढ़े)
प्रदेश में 4 लाख मैट्रिक उत्तीर्ण विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक एवं आधारभूत संरचनायें नहीं है. उन्होंने कहा कि राज्य के कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई करने वाले अधिकांश विद्यार्थी कमजोर आर्थिक वर्ग से आते हैं. उन्होंने कुलपति से आग्रह किया कि वे 1 वर्ष के लिए डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई जारी रखने हेतु सरकार से बात करें तब तक समूचित ढंग से इंटर की पढ़ाई हेतु सरकार विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति कर आधारभूत संरचनाओं का विकास करें.



