जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार हो रही तेज बारिश से हर ओर पानी ही पानी हो गया है. हालात यह है कि एक बार फिर से सुवर्णरेखा नदी मानगो पुल के पास खतरे के निशान से ऊपर बहने लगा है. इस नदी का खतरे का निशान 121.50 मीटर है. वर्तमान में नदी का जलस्तर 121.60 मीटर हो गया है. 0.10 मीटर ऊपर नदी बह रहा है. खरकई नदी भी खतरे से ऊपर बह रहा है. खरकई नदी का डेंजर लेवल 129 मीटर है. अभी इसका जलस्तर 130.65 मीटर हो चुका है. 1.65 मीटर ऊपर नदी बह रहा है. दूसरी ओर, लगातार हो रही भारी वर्षा के मद्देनज़र जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा मानगो क्षेत्र का दौरा कर जलजमाव से प्रभावित इलाकों, स्वर्णरेखा नदी के तटीय क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थलों का स्थल निरीक्षण किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार उपस्थित थे. इस दौरान उपायुक्त ने निचले इलाकों में जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की और जहां तत्काल सुधार की आवश्यकता है, वहां संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलजमाव से उत्पन्न किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पंप सेट, ट्रैक्टर व सफाईकर्मियों की टीम को सतर्क एवं सक्रिय रखा जाए. उन्होंने नगर निकाय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जलभराव की शिकायतों का त्वरित निवारण हो, तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क किया जाए और आपदा से निपटने हेतु कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखा जाए. (नीचे भी पढ़ें)

मानगो नगर निगम में कंट्रोल रूम की स्थापना करते हुए पालीवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. आपात स्थिति में फोन नंबर जारी किया गया है. इसके लिए लोग फोन नंबर 7004549847 पर सुबह 6 से अपराह्न 2 बजे तक और दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक फोन नंबर 9031542938 और मोबाइल नंबर 7488676759 रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक संपर्क कर सकते है. उपायुक्त ने जिलावासियों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, नदी किनारे न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. जिला प्रशासन हर स्थिति पर निगरानी रखे हुए है तथा आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है. आपात स्थिति में जिला स्तरीय कंट्रोल 0657-2444233 पर जरूर सम्पर्क करें.




