जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड बस्ती निवासी सागर मुंडा और यशोदा नगर निवासी मिथुन ठाकुर उर्फ महेश ठाकुर शामिल हैं. पहला मामला बुधवार रात का है, जब थाना के सामने स्थित किशोरी महतो के होटल से अज्ञात चोर ने मोबाइल चोरी कर ली. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर सागर मुंडा को चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. होटल संचालक किशोरी महतो, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के निवासी हैं, ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से थाना के सामने होटल चला रहे हैं. आरोपी ग्राहक बनकर होटल में घुसा और मौका देखकर काउंटर से मोबाइल चुरा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने जी.आर. नंबर 431/16 के तहत यशोदा नगर निवासी मिथुन ठाकुर उर्फ महेश ठाकुर को गिरफ्तार किया. उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे शुक्रवार सुबह उसके घर से दबोच लिया गया. दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस अब गश्ती और निगरानी को और सख्त करने की योजना बना रही है. स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें.














