जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूईलाडूंगरी इलाके में शुक्रवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए दो राउंड फायरिंग की. घटना रात लगभग 9 बजे की है. पीड़ित की पहचान टूईलाडूंगरी निवासी लोचन कुमार के रूप में हुई है. फायरिंग के दौरान लोचन को कोई गोली नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोचन कुमार राधाकृष्ण मंदिर के पास टहल रहा था, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उसके ऊपर गोली चला दी. गोलियों की आवाज सुनकर आस-पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की किए हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है. लोचन कुमार से पूछताछ की गई है, लेकिन उसने किसी से दुश्मनी या हालिया विवाद से इनकार किया है. पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है. गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि फायरिंग की घटना में शामिल अपराधियों की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.














