जमशेदपुर : झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया. जारी अधिसूचना में जमशेदपुर के लिए भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. अरविंद कुमार को जमशेदपुर-2 से स्थानांतरित कर जमशेदपुर-1 का श्रम अधीक्षक नियुक्त किया गया है. उन्हें सहायक श्रमायुक्त जमशेदपुर तथा जमशेदपुर-2 का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. इसके अलावा सोनालिका टोप्पो को सहायक श्रमायुक्त जमशेदपुर नियुक्त किया गया है. इन दोनों अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद शहर में श्रम विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था और निरीक्षण तंत्र को मजबूत किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, जमशेदपुर में लंबित श्रम मामलों के त्वरित निष्पादन और औद्योगिक क्षेत्र में कार्यस्थल मानकों के पालन को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
नए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे श्रमिकों के हित में लंबित मामलों का निपटारा जल्द करें और नियमानुसार निरीक्षण की गति बढ़ाएं. विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी नवपदस्थापन स्थल पर योगदान देने के बाद ही वित्तीय लाभ प्राप्त कर सकेंगे. यह आदेश श्रम विभाग के संयुक्त सचिव राम सुंदर मुंडा द्वारा जारी किया गया है. इधर राजद के प्रदेश महासचिव सह प्रभारी पूर्वी सिंहभूम पुरेन्द्र नारायण सिंह ने अरविंद कुमार को जमशेदपुर का उप श्रमायुक्त बनाए जाने पर विभगीय मंत्री संजय प्रसाद यादव के प्रति आभार प्रकट किया है. उन्होंने कहा कि पूर्व डीएलसी राजेश प्रसाद के प्रोन्नति होने के बाद से जमशेदपुर डीएलसी का पद रिक्त था जिससे कई महीने से डीएलसी स्तर का कोई काम नहीं हो पा रहा था.














