सरायकेला : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग ने शुक्रवार देर शाम बड़ी कार्रवाई की. कांड्रा थाना क्षेत्र के कांड्रा बाजार (चौका–कांड्रा रोड) में खनन विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया. इस दौरान अवैध बालू परिवहन में संलिप्त दो हाइवा वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया. खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज कारोबार में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. जब्त वाहनों के खिलाफ कांड्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है. प्रशासन ने संकेत दिया है कि जिले भर में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर कड़ी नजर रखी जा रही है. भविष्य में भी ऐसे औचक अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि बालू माफियाओं पर पूरी तरह नकेल कसी जा सके.















