जमशेदपुर : परसुडीह थानांतर्गत हलुदबनी आश्रमपाड़ा निवासी नागेश्वर जेना की पत्नी कनिका जेना की डायन बताकर पिटाई किये जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों, पीड़िता के पड़ोसी राहुल पाणि एवं सौरभ पाणि को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम के स्थायी निवासी हैं जो फिलहाल हलुदबनी आश्रमपाड़ा में निवास करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि दोनों के खिलाफ कनिका जेना ने परसुडीह थाना में आधी रात को घर में जबरन घुस कर गुंडागर्दी एवं मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था. अपनी प्राथमिकी में कनिका ने आरोप लगाया है कि आरोपियों के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा है. इसी रंजिश को लेकर शनिवार देर रात दोनों आरोपी उसके घर पहुंच कर दरवाजा खोलवाने की कोशिश की. दरवाजा नहीं खोलने पर दोनों ने दरवाजा तोड़ कर अंदर प्रवेश किया एवं उसके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, दोनों उसे घसीटते हुए घर से बाहर लाये और एक कमरे में बंद कर दिया. परसुडीह पुलिस ने दोनों के खिलाफ डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों को तत्काल उनके घर से गिरफ्तार कर लिया. रविवार के दिन दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.



