चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत के नया बाजार स्थित केदार नाथ झुनझुनवाला उच्च विद्यालय के महावीर व्यायामशाला परिसर में सोमवार को अबुआ आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण आवासों के सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर 14 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से उनके नए आवासों की चाबी और उपहार प्रदान किए गए. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती उपस्थित थे. कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक समीर मोहंती और उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया.(नीचे भी पढ़े)

अबुआ आवास सरकार की महत्वाकांक्षी योजना: विधायक समीर मोहंती
विधायक समीर मोहंती ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य में निवास करने वाले लोगों के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है. जिसमें से अबुआ आवास योजना एक महत्वपूर्ण योजना है. यह समाज के कमजोर वर्गों को गरिमा पूर्ण जीवन की दिशा में सशक्त आधार प्रदान करती है. अबुआ आवास योजना के माध्यम से ज़रूरतमंद परिवारों को स्थायी आवास मुहैया कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है. वहीं हेमंत सोरेन की सरकार आवास के साथ-साथ दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त में दे रही है. यही नहीं लोगों को बेहतर जीवन यापन करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में कई योजनाएं चलाई जा रही है, जिसमें महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना के तहत ढाई हजार रुपए, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले, फुलो झानो आशीर्वाद योजना आदि शामिल हैं. जिससे कि लोग योजनाओं के द्वारा अधिक से अधिक लाभ लेकर अपना जीवन स्तर को ऊंचा कर सकें.(नीचे भी पढ़े)
समय सीमा में पूरा करें आवास: डीडीसी
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेन्द्र पासवान ने कहा कि अबुआ आवास योजना के लाभुक तय समय सीमा में अपना आवास पूरा करें और सरकार से उपहार पाएं. यहीं नहीं आवास के साथ-साथ हर घर नल योजना के तहत पेयजल, शौचालय ,बिजली एवं खाना बनाने के लिए गैस जैसे मूलभूत सुविधाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य योजनाओं का भी लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि चाकुलिया प्रखंड में लगभग 4000 आवास का निर्माण हो रहा है. कार्यक्रम को बीडीओ आरती मुंडा और प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय ने भी संबोधित किया. इस मौके पर मुखिया जादूनाथ हेंब्रम, मंजू टुडू, शिवचरण हांसदा, दानगी सोरेन, फुलमनी मुर्मू, हिरामनी हांसदा, जिला कॉर्डिनेटर आवास सुमन मिश्रा, रिंकू कुमार, विधायक के निजी सहायक गौतम दास, निजी सचिव विशाल बारिक, बलराम महतो,प्रणव बेरा, राजा बारिक,राम चंद्र बास्के, उज्वल महतो, शुभम दास, राजेश्वर महतो समेत अन्य उपस्थित थे.



