सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के आमदा ओपी अंतर्गत कृष्णापुर पंचायत के गोलमायसाई में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसे में भीगे कच्चे मकान की दीवार गिरने से तीन वर्षीय मासूम श्रद्धा नापित की मौत हो गयी. हादसे के वक्त मासूम अपनी मां पूजा नापित के साथ सो रही थी जबकि पिता आनंद नापित अपने बहन के घर गए हुए थे. रात लगभग एक बजे अचानक दीवार गिर गयी और सीधे बच्ची के ऊपर आ गयी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी जबकि मां बाल- बाल बच गयी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. इधर सूचना मिलते ही आमदा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.



