रांची : झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार से आगामी 20 सितम्बर को कुड़मी समुदाय द्वारा घोषित ‘रेल टोका’ या ‘रेल रोको’ आंदोलन के मद्देनजर विधि-व्यवस्था के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में उक्त आंदोलन से संबंधित सुरक्षा के मुद्दों पर आरपीएफ के वरीय अधिकारी, रेलवे के वरीय अधिकारी एवं वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ व्यापक रूप से चर्चा की गयी. पुलिस महानिदेशक ने बैठक में सभी पुलिस अधीक्षकों को आंदोलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने हेतु राज्य में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने विशेष रूप से हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, सरायकेला, चाईबासा, पलामू, दुमका आदि जिलों के रेल मार्गों के संवेदनशील रेलवे स्टेशनों, क्षेत्रों, रेल लाईनों पर विशेष रूप से सतर्कता बरतने हेतु सुरक्षा उपकरणों (बॉडी प्रोटेक्टर व हेलमेट) के साथ ब्रीफ कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने, स्टेशनों के आउटसाइड में सीसीटीवी कैमरा स्थापित करने, एम्बुलेंस, दंगारोधी वाहन को आवश्यकतानुसार प्रतिनियुक्त करने साथ ही आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना व जान-माल की क्षति को रोकने हेतु रेलवे पुलिस व रेलवे कर्मियों के साथ आसुचना तंत्र को मजबुत करते हुए आरपीएफ व जीआरपी के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु गश्ति करने तथा आंदोलन के दौरान चिन्हित नेता को डिटेन करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़े)

उन्होने संबंधित जिलों के उपायुक्त से संपर्क स्थापित कर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति करने व संवेदनशील जगहों पर बीएनएसएस की धारा 163 की कार्रवाई करवाने, बल को भीड़ लगने से पहले ही प्रतिनियुक्त करने, ट्रेनों पर पथराव न हो इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने/ संवेदनशील जगहों पर बैरिकेटिंग करने व ड्रोन से निगरानी करने व बलों का आवासन एवं भोजन का प्रबंध करने का निर्देश दिया. किसी भी आपातकाल स्थिति से निपटने हेतु सभी रेलवे पुलिस पदाधिकारी को 24 घंटे सातों दिन कन्ट्रोल रूम कार्यरत रखने एव सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, सभी क्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षक, झारखण्ड को अपने स्तर से मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. उक्त बैठक में एडीजी रेल अमोल विनुकांत होमकर, आइजी प्रभात कुमार, आइजी डॉ० माईकलराज एस०, भौतिक रूप से एवं वीडियों कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से पुलिस महानिरीक्षक, आरपीएफ, ईस्टर्न रेलवे व साउथ ईस्टर्न रेलवे, ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे, सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक एवं सभी क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक तथा डीआरएम, रांची, चक्रधरपुर , धनबाद के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें.



