जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित एलबीएसएम कॉलेज रोड पर बने नीलकंठ निलयम अपार्टमेंट के एक फ्लैट में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई. राहुल मजुमदार के फ्लैट में लगी आग की घटना के समय परिवार के सभी सदस्य किसी काम से रिश्तेदार के घर गए हुए थे, जिससे फ्लैट बंद था. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, कमरे में एसी और अन्य सभी विद्युत स्विच बंद थे. इसके बावजूद अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण एसी में जोरदार धमाका हुआ. इसके बाद एसी का जलता हुआ हिस्सा नीचे रखे बेड पर गिर गया. देखते ही देखते बेड, गद्दा और कमरे में रखा अन्य सामान आग की चपेट में आ गया. बंद फ्लैट से अचानक तेज धुआं निकलता देख अपार्टमेंट के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. (नीचे भी पढ़ें)

धुआं उठता देख स्थानीय निवासियों ने तत्काल फ्लैट मालिक के परिजनों और अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद लोगों ने दरवाजे की कुंडी और जाली तोड़कर किसी तरह फ्लैट के अंदर प्रवेश किया. स्थानीय लोगों ने अपने घरों में उपलब्ध अग्निशामक यंत्र और पानी की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई थी. हालांकि, लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची. इसे लेकर अपार्टमेंट के निवासियों में काफी नाराजगी देखी गई. आग से कमरे में रखा सामान और फर्नीचर क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है.







