जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित एनसीसी की 37 झारखंड बटालियन की ओर से रविवार को केपीएस एनएमएल स्कूल परिसर में दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आरंभ हुआ. इस वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में 33 शैक्षणिक संस्थानों के 370 एनसीसी कैडेट हिस्सा ले रहे हैं. इसमें बालिकाएं भी शामिल हैं. कैंप की शुरुआत में 37 झारखंड बटालियन के कमान पदाधिकारी सह कैंप कमांडेंट कर्नल विनय आहूजा ने सभी कैडेटों को संबोधित किया. (नीचे भी पढ़ें)
कैंप कमांडेंट कर्नल विनय आहूजा ने कैडेटों को एनसीसी का उद्देश्य, एकता तथा अनुशासन के बारे में बताया. उन्होंने 37 झारखंड बटालियन एनसीसी की पूरी टीम की तरफ से शिविर के सफल संचालन करने के लिए केपीएस के निदेशक श्रीकांत नायर को धन्यवाद दिया. छह अक्तूबर तक चलने वाली इस कैंप के दौरान कैडेटों को शूटिंग की भी ट्रेनिंग प्रदान की जायेगी. मौके पर कर्नल प्रेम चंद झा (डिप्टी कैंप कमांडेंट), सूबेदार मेजर रविन खंदाल (सेना मेडल समस्त जेसीओ, एनसीओ, एएनओ) व केयरटेकर मौजूद रहे.















