आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेपाली बस्ती के समीप रेलवे लाइन पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी. सूचना मिलते ही रेल पुलिस और आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. (नीचे भी पढ़े)
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक रेलवे लाइन के पास घूम रहा था और अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस को मामले की गुत्थी सुलझाने में कठिनाई हो रही है. पुलिस ने शव को शीत गृह में सुरक्षित रखवा दिया है और आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना दी जा रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति अपने परिजन की गुमशुदगी की सूचना लेकर आता है तो शिनाख्त कराई जाएगी. पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



