जमशेदपुर: गालूडीह पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने करीब एक साल से फरार चल रहे चोर गिरोह के मास्टरमाइंड शातिर अपराधी बिरसन मुंडा को सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना अंतर्गत मुटुडा गांव से गिरफ्तार किया है. अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जो झारखंड और पड़ोसी राज्य ओडिशा के विभिन्न जिलों से चुराई गई थीं. ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि यह पूरी कार्रवाई दिसंबर 2025 में गालूडीह थाना क्षेत्र से हुई विंगर वैन की चोरी के उद्भेदन से जुड़ी है. एसपी ने बताया कि इस मामले में पूर्व में दो अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका था, लेकिन गिरोह का सक्रिय सदस्य बिरसन मुंडा लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अभियुक्त को उसके पैतृक आवास से धर दबोचा.एसपी के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्त ने अपना अपराध स्वीकार किया. (नीचे भी पढ़ें)
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के आंगन से तीन दोपहिया वाहन बरामद किए. बरामद वाहनों में मयूरभंज (ओडिशा) के तिरिंग थाना क्षेत्र से चोरी की गई टीवीएस अपाची, गालूडीह से चुराई गई हीरो स्प्लेंडर और बहलदा (ओडिशा) से चोरी हुई होंडा डियो स्कूटी शामिल है. पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक लावा की-पैड मोबाइल, एक नंबर प्लेट और सिम कार्ड भी जब्त किया है.पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि बिरसन मुंडा एक आदतन अपराधी है और उसका अंतरराज्यीय नेटवर्क फैला हुआ है. एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ सरायकेला के खरसावां, ईचागढ़ और जमशेदपुर के कोवाली थानों में चोरी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कई संगीन मामले दर्ज हैं. इसके अतिरिक्त, ओडिशा के बानगिरी पोड़ी थाने से भी उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट लंबित था. इस सफल छापेमारी दल का नेतृत्व गालूडीह थाना प्रभारी अंकु कुमार ने किया, जिसमें अजय बागे, बिरसा तिर्की और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.







