जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के भीतर एक बस की चपेट में आने से एक कर्मचारी गंभीर रुप से घायल हो गया. इस घटना के बाद सेफ्टी विभाग के लोगों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मिली जानकारी के मुताबिक, नालको की एक बस करीब 20 कर्मचारियों को छोड़ने के बाद कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) गोलचक्कर की ओर मुड़ रही थी. इसी दौरान एलडी 3 आइइएम विभाग के कर्मचारी एमवीआरके प्रसाद अपनी बाइक से गलत दिशा से उसी मोड़ पर पहुंच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोड़ पर ब्लाइंड स्पॉट होने के कारण बस चालक बाइक सवार को देख नहीं पाया. (नीचे भी पढ़ें)

स्थिति गंभीर होती देख कर्मचारी ने तत्परता दिखाते हुए बाइक से छलांग लगा दी, जबकि उनकी बाइक बस के नीचे जा घुसी. इस घटना में कर्मचारी के पैर में चोट आई है. घटना के तुरंत बाद घायल कर्मचारी को ईस्ट प्लांट फर्स्ट एड सेंटर भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. राहत की बात यह रही कि कर्मचारी की सूझबूझ और समय रहते प्रतिक्रिया देने से बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.







