जमशेदपुर: सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने झारखंड सहित जमशेदपुर में पेट्रोल एवं डीजल की वर्तमान स्थिति को लेकर आम नागरिकों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की है. बीते कुछ दिनों से पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर लोगों में चिंता एवं अनावश्यक भय का वातावरण देखा जा रहा है, जिसके कारण कई पेट्रोल पंपों पर अत्यधिक भीड़ एवं जरूरत से अधिक ईंधन संग्रह करने की प्रवृत्ति बढ़ी है.चेंबर अध्यक्ष मानव केड़िया ने इस संबंध में उपायुक्त,राजीव रंजन से बातचीत कर स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है तथा पेट्रोल एवं डीज़ल की आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. आज जिला प्रशासन द्वारा उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी की उपस्थिति में पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. (नीचे भी पढ़े)
बैठक में स्पष्ट रूप से बताया गया कि वर्तमान में घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है तथा ईंधन की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं. चेंबर ने कहा कि कुछ दिन पूर्व हमारे पीएम मोदी ने देशवासियों से वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सोने के आभूषणों की खरीद, विदेशी यात्राओं एवं खाद्य तेलों के सीमित उपयोग को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी थी. वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर मध्य-पूर्व में जारी युद्ध के कारण लोगों में स्वाभाविक चिंता उत्पन्न होना समझा जा सकता है, किंतु अफवाहों एवं अनावश्यक घबराहट से स्थिति और जटिल हो सकती है.
उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर भी लोगों में आशंका बनी थी, लेकिन प्रशासन एवं कंपनियों के समन्वित प्रयासों से वह स्थिति बहुत कम समय में सामान्य हो गई थी. उसी प्रकार वर्तमान स्थिति भी नियंत्रण में है और सरकार एवं प्रशासन पूरी गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं.हालांकि, सिंहभूम चेंबर ने पेट्रोलियम कंपनियों के समक्ष एक महत्वपूर्ण प्रश्न भी उठाया है कि यदि ईंधन की आपूर्ति पर्याप्त है, तो जमशेदपुर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर स्टॉक उपलब्धता बोर्ड क्यों प्रदर्शित नहीं किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)
इस पर चेंबर का मानना है कि पारदर्शिता बनाए रखने हेतु प्रत्येक पेट्रोल पंप पर उपलब्ध स्टॉक की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित की जानी चाहिए, जिससे आम जनता में विश्वास बना रहे और अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो.चेंबर ने पेट्रोलियम कंपनियों से आग्रह किया है कि वे अपनी सप्लाई चेन एवं ईंधन उपलब्धता की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करें. साथ ही वास्तविक स्थिति की जानकारी समय-समय पर सार्वजनिक की जाए ताकि अफवाहों पर रोक लग सके.सिंहभूम चेंबर ने जमशेदपुर के सभी नागरिकों से आग्रह करता है कि पेट्रोल एवं डीजल का उपयोग केवल आवश्यकता अनुसार करें, अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें, अफवाहों पर ध्यान न दें एवं सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने से बचें, प्रशासन एवं सरकार पर विश्वास बनाए रखें.चेंबर का मानना है कि नागरिकों के सहयोग, संयम एवं जिम्मेदार व्यवहार से किसी भी प्रकार की असुविधा से आसानी से निपटा जा सकता है.







