रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम के कराइकेला की होनहार छात्रा एवं कला साधक निकिता साहू को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित प्रतिष्ठित उत्कल रंगमंच पर आयोजित ‘आनंद उत्सव – 2026’ के दौरान ‘प्रो राजकिशोर मेमोरियल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया. संस्था के ट्रस्टी पुष्पिता मिश्रा एवं अंशुमान मिश्रा ने अंकिता को उक्त पुरस्कार प्रदान किया. (नीचे भी पढ़ें)

निकिता साहू कराइकेला निवासी समाजसेवी प्रशांत साहू एवं अनिता साहू की पुत्री हैं. उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से शिक्षा और कला के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है. निकिता उत्कल यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर के अंतर्गत आने वाले बीजू पटनायक डिग्री कॉलेज ऑफ साइंस एंड एजुकेशन से इंग्लिश ऑनर्स की टॉपर रह चुकी हैं. उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और प्रतिभा को देखते हुए भारत सरकार द्वारा भी उन्हें पूर्व में सम्मानित किया जा चुका है. ‘आनंद उत्सव – 2026’ कार्यक्रम भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया गया था, जिसमें शिक्षा, साहित्य और कला जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही निकिता साहू को सम्मानित किया गया, पूरा प्रेक्षागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि निकिता जैसी युवा प्रतिभाएं समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों को जिस प्रकार आगे बढ़ाया है, वह सराहनीय है. सम्मान प्राप्त करने के बाद निकिता साहू ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया है.







