आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर के उषा मोड़ स्थित होटल कनक में शुक्रवार अहले सुबह चोरी की घटना सामने आई है. एक युवक सिर पर मुरेठा बांधकर होटल में घुसा और स्टाफ के दो मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया. पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. मामले को लेकर गम्हरिया थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है. होटल संचालक मधुकांत सिंह ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे आरोपी आराम से होटल के अंदर दाखिल हुआ. उस समय कुछ कर्मचारी होटल परिसर में मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)

युवक ने मौका देखकर स्टाफ के दो मोबाइल फोन उठा लिए और बिना किसी घबराहट के वहां से निकल गया. कर्मचारियों को चोरी की जानकारी सुबह करीब 11 बजे हुई, जिसके बाद होटल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला. फुटेज में सिर पर मुरेठा बांधे एक संदिग्ध युवक साफ दिखाई दे रहा है. होटल प्रबंधन ने वीडियो पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले होटल कनक के पास स्थित राहुल स्नैक्स एंड स्वीट्स कॉर्नर में भी घुसपैठ की घटना हुई थी. ऐसे में पुलिस दोनों मामलों को आपस में जोड़कर जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की जा रही है और इलाके में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है. पुलिस ने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है.







