जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में टाटा स्टील समूह की कम्पनी हिमालया स्टील मिल सर्विसेस प्रालि के सहयोग से आगामी 8 जून को साकची रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. रक्तदान शिविर सुबह 9 बजे से आरंभ होकर संध्या 4 बजे तक चलेगा. वर्तमान समय में जरूरतमंद मरीजों को लगातार रक्त की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण यह रक्तदान शिविर काफी मह्त्वपूर्ण है. 8 जून को 200-300 यूनिट रक्त प्राप्त होने से आगामी एक सप्ताह के रक्त जरूरत को पूरा करने में सहूलियत होगी, इसलिए ऐसे सभी युवा व रक्तदाताओं से अनुरोध किया गया है कि वे आगे बढ़कर इस समय शहर की जरूरत के समझते हुए रक्तदान करें. यह उन सैकड़ों लोगों के जीवन से जुड़ा है जो बीमार होने के कारण अस्पतालों के बिस्तर पर पड़े हैं और आपके रक्तदान से उनका ऑपरेशन एवं जरूरी रक्त ट्रान्सफ्यूजन पूरा हो पायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
तुरामडीह एकेएस क्लब में 9 को लगेगा स्वास्थ्य शिविर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से गर्मी के मौसम में चलाई जा रही ग्रामीण स्वास्थ्य जागरुकता अभियान की कड़ी में यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सहयोग से 9 जून को तुरामडीह स्थित एकेएस क्लब में ग्रामीण स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर सह स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने इस अवसर पर ग्रामीणों से शिविर का लाभ लेने व गर्मी के मौसम में स्वस्थ दिनचर्या हेतु स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेने का अनुरोध किया है. (नीचे भी पढ़ें)
चांदमनी के इलाज हेतु घाटशिला जायेगी रेड क्रॉस टीम
जमशेदपुर : घाटशिला प्रखण्ड के बड़ाखुर्शी पंचायत स्थित दारीसाई के चेड़े सबर की बच्ची चांदमनी सबर (9) के इलाज के लिए स्थानीय समाचार पत्रों में छपे समाचार का संज्ञान लेते हुए जिले के उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाइटी के निर्देश पर रेड क्रॉस की टीम रविवार को घाटशिला जाएगी. वहां जरूरत के अनुसार बच्ची का इलाज किया जाएगा, साथ ही सबर बस्ती में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर विलुप्त हो रही सबर जनजाति के स्वास्थ्य जांच एवं जरूरी चिकित्सीय परामर्श व दवा उपलब्ध कराया जाएगा. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि यह दुख का विषय है कि चेड़े सबर की बेटी चांदमनी सबर की कांख में हुए फोड़े का इलाज अस्पताल में आधार कार्ड के अभाव में नहीं हो पा रहा है. इस कारण बच्ची के जीवन और भविष्य का ध्यान रखकर उसके इलाज में रेड क्रॉस सोसाइटी मानवता की सेवा की भूमिका में तत्पर होगी. ज्ञात हो कि पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा पूर्व में भी आंखों की जटिल बीमारियों से पीड़ित कई बच्चों को फिर से नयी दृष्टि दिलाने में मदद की गई है.







