जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित देबुन बागान इलाके में रविवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी. इस घटना में टाटा लाइन निवासी दीपक झा घायल हो गए. उनके दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार दीपक झा पहले एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और सोमवार को नौकरी के इंटरव्यू के सिलसिले में कोलकाता जाने वाले थे. इसी कारण वह रविवार रात घर से मिठाई खरीदने के लिए गोलमुरी की ओर निकले थे. दीपक ने बताया कि जब वह देबुन बागान चौक के पास पहुंचे, तब वहां कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. इसी दौरान अचानक उनके पैर में तेज दर्द हुआ और वह घायल हो गए. शुरुआत में उन्हें यह एहसास नहीं हुआ कि उन्हें गोली लगी है. घटना के बाद उन्होंने अपने एक परिचित को फोन कर मौके पर बुलाया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा जांच किए जाने पर पैर में गोली लगने की पुष्टि हुई. घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस सक्रिय हो गयी और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फायरिंग में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.







