जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर पीएम आवास के लाभार्थियों ने सोमवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय का अभिनंदन किया. उनका पुष्पगुच्छ और शॉल देकर स्वागत किया गया और मिठाई खिलाई गई. यह अभिनंदन सह आभार प्रकटीकरण समारोह उस घोषणा के बाद आयोजित किया गया, जिसमें 19 जून को लाभुकों को उनके फ्लैट की चाबी देने की घोषणा नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रविवार को की थी. दोपहर ढाई बजे से ही लोग श्री राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पर जुटने लगे थे. लोग इसी बात की चर्चा कर रहे थे कि कैसे इस संघर्ष में श्री राय ने उनका साथ दिया. लोगों ने उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की. (नीचे भी पढ़ें)

लोगों ने कहा कि अगर विधायक ने उनकी लड़ाई न लड़ी होती तो मामला कुछ और होता। हम लोग खाली हाथ ही रहते. इस अवसर पर सरयू राय ने कहा कि आज का दिन उनके लिए भी विशेष खुशी का दिन है. 19 जून को आप लोगों को फ्लैट की चाबी मिल जाएगी. आप लोगों ने जो संघर्ष किया है, उसे सलाम करना चाहिए. बहुत धैर्य दिखाया आप लोगों ने. सरयू राय ने कहा कि आप लोग जब फ्लैट में रहना शुरु करेंगे तो संभव है कुछ कठिनाईयां आएंगी क्योंकि अभी वहां कोई रह नहीं रहा है. इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कुछ कार्य अभी शेष हैं. वो कार्य आप लोगों के रहते होगा तो ज्यादा बेहतर होगा क्योंकि आप लोग उसे खुद से देखेंगे और अपनी निगरानी में करवाएंगे. श्री राय ने कहा कि 2019 में यह योजना शुरु हुई थी. (नीचे भी पढ़ें)
2026 में आप लोगों को चाबी मिलेगी. काफी विलंब हुआ है. लेकिन कहावत है कि देर आयद, दुरुस्त आयद. उन्होंने कहा कि तीन रोज पहले वह फ्लैट्स देख कर आए हैं. फ्लैट ठीक बने हैं. अंदर तक जाकर देखने से कहीं-कहीं दरारें दिखी हैं. यह संभवतः काली ईंटों के इस्तेमाल के कारण हुआ होगा. उन्होंने बताया कि सरकारी स्तर पर भी इन फ्लैट्स को आप लोगों को हैंडओवर करने का आदेश आ चुका है. कार्य तेजी पर है. उन्होंने इस कार्य में सहयोग करने के लिए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति आभार जताया. इस मौके पर नीरज सिंह, सुधीर सिंह, बीरेंद्र सिंह, सन्नी सिंह, कुंअर अतुल सिंह, संजय सिंह, आदित्य मुखर्जी समेत कई लोग मौजूद रहे.







