जमशेदपुर : जमशेदपुर के धातकीडीह के बीएच एरिया रोड नंबर-5 स्थित बीएच एरिया इमामबाड़ा में 9वीं मुहर्रम पूरे अदब, एहतराम और अकीदत के साथ मनायी गयी. ज़ोहर की नमाज़ के बाद बड़ी तादाद में अकीदतमंद इमाम हुसैन की शहादत की याद में इमामबाड़ा पहुंचे. फातेहा ख़्वानी के बाद मुल्क में अमन, सलामती और इंसानियत की भलाई के लिए ख़ुसूसी दुआएं की गयी. इस मौके पर लोगों ने अपने-अपने घरों से शीरीनी लाकर नियाज़ पेश की, जिसे फातेहा के बाद अकीदतमंदों में तकसीम किया गया. वहीं लंगर का भी एहतिमाम किया गया, जिसमें बड़ी तादाद में लोगों ने शिरकत की. मुहर्रम की 9वीं और 10वीं तारीख़ के मौके पर सुबह से ही इमामबाड़ा में रूहानी माहौल कायम रहा. अकीदतमंदों का सिलसिला दिनभर जारी रहा और लोगों ने गम-ए-हुसैन में शरीक होकर कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश किया. इबादत, ज़िक्र और दुआओं का सिलसिला देर तक जारी रहा. (नीचे भी पढ़ें)
अखाड़ा कमेटी के सदर मोहम्मद शमीम, नायब सदर मेराज खान और सेक्रेटरी मोहम्मद शारीक ने बताया कि मुहर्रम का चांद नजर आते ही इमामबाड़ा की साफ-सफाई, आराइश और दूसरी तैयारियां शुरू कर दी जाती हैं. उन्होंने बताया कि चांद की पांचवीं तारीख को फातेहा ख्वानी के साथ इमामबाड़ा पूरी तरह सज जाता है और इलाके के लोग बढ़-चढ़कर इन तैयारियों में हिस्सा लेते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सदर मोहम्मद शमीम ने बताया कि इस साल भी मुहर्रम पूरी सादगी और एहतराम के साथ मनाया जा रहा है. 10वीं मुहर्रम को पारंपरिक रस्म के तहत निशान को कर्बला ले जाकर ठंडा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कंपनी क्षेत्र होने के बावजूद यहां बरसों से मुहर्रम अमन, भाईचारे और आपसी यकजहती के माहौल में मनाया जाता है.






