इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक तेज रफ्तार बस के पहाड़ से खाई में गिर जाने के कारण कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है. डॉन ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि शुक्रवार को बलूचिस्तान के शेरानी जिले के धनासर इलाके से निकलकर खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान की सीमा में दाखिल होते ही पेशावर जा रही एक यात्री बस खाई में गिर गई. इस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए हैं. बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के मीडिया और राजनीतिक मामलों के सलाहकार शाहिद रिंद ने एक बयान में कहा है ‘शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार इस हादसे में 40 लोगों की मौत हुई है और आठ अन्य घायल हुए हैं.” बयान में यह भी कहा गया कि बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के निर्देश पर घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बलूचिस्तान सरकार के बयान में कहा गया है कि दोनों प्रांतों का जिला प्रशासन, बचाव दल और अन्य संबंधित विभाग प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं. साथ ही यह भी कहा गया कि घटना की जांच की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके. इससे पहले शेरानी के डिप्टी कमिश्नर वली खान काकर ने डॉन को घटना की जगह और अन्य विवरणों की पुष्टि करते हुए बताया कि बस 36 यात्रियों के साथ क्वेटा से निकली थी, लेकिन रास्ते में एक और खराब हुई दूसरी बस से कई लोग इसमें सवार हो गए. अधिकारियों ने डॉन को बताया है कि बस में 48 लोग सवार थे जिनमें 40 लोगों की मौत हो गई है और 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. आठ घायलों को झोब के जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया है, जबकि शवों को पहले पास के एक ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बाद में शवों को भी झोब जिला मुख्यालय भेज दिया गया.







