जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना रोड स्थित मुंशी मोहल्ला मजार लाइन के पास बुधवार शाम प्रेम-प्रसंग के विवाद में राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. बताया गया कि राहुल अपनी स्प्लेंडर बाइक पर बैठा था, तभी शंकोसाई निवासी साहिब सिंह उर्फ सब्बे अपने 20–30 साथियों के साथ वहां पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग के साथ पत्थर व डंडों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल राहुल को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के दोस्तों का दावा है कि राहुल और मुख्य आरोपी एक ही युवती से बातचीत करते थे, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. आरोप है कि घटना से दो दिन पहले इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी भी दी गयी थी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद आरोपी साहिब सिंह उर्फ सब्बे ने अपने साथियों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था. वहीं गुरुवार सुबह पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. आरोपी की मामी ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि पुलिस ने जानबूझकर दौड़ाकर पीछे से गोली मारी. उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले सुरक्षित सरेंडर कराने का भरोसा दिया था, लेकिन एनकाउंटर की जानकारी परिवार को नहीं दी गयी और उन्हें इसकी सूचना मीडिया के माध्यम से मिली. परिजनों का कहना है कि यदि आरोपी भाग रहा था तो उसे अन्य तरीकों से भी पकड़ा जा सकता था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें वार्ड में जाने से रोक दिया. परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. फिलहाल, परिजनों के आरोपों पर पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.







