जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बहुमूल्य पन्ना (एमेरॉल्ड) की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बहरागोड़ा बस स्टैंड के पास से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस के अनुसार, बहरागोड़ा थाना में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय वन अधिनियम 1927, पुरावशेष तथा बहुमूल्य कलाकृति अधिनियम 1972 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बहरागोड़ा बस स्टैंड के आसपास पन्ना की तस्करी के उद्देश्य से आने वाले हैं. सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, घाटशिला के नेतृत्व में विशेष रूप से गठित छापामार दल ने मौके पर पहुंचकर दो दोपहिया वाहनों के साथ खड़े तीन संदिग्धों को पकड़ लिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर (50 वर्ष), सिद्धेश्वर कालिंदी (45 वर्ष) और स्नेहाशीष मंगराज (44 वर्ष) के रूप में हुई है. तीनों पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
तलाशी के दौरान विनय पातर की स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में रखा 1.095 किलोग्राम पन्ना, एक मोबाइल फोन और 1,840 रुपये नकद बरामद हुए. वहीं सिद्धेश्वर कालिंदी के पास से एक मोबाइल फोन तथा स्नेहाशीष मंगराज के पास से एक हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल, एक पोको एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 460 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस ने कुल 1.095 किलोग्राम पन्ना, दो दोपहिया वाहन, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2,300 रुपये नकद जब्त किए हैं. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी विनय पातर के खिलाफ वर्ष 2018 में गुड़ाबंदा थाना में खनिज तस्करी और चोरी से संबंधित मामला पहले से दर्ज है. इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, घाटशिला, बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, अनुसंधानकर्ता रामप्रवेश राय, राहुल कुमार, पंकज कुमार पासवान, ओम शरण समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे. पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और बरामद पन्ना के स्रोत की जांच में जुटी है.




