जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के इलाज के खर्च को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ. घायल के परिजनों और स्थानीय लोगों ने वाहन मालिक से इलाज का पूरा खर्च दिलाने की मांग करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा. सूचना मिलने पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान माहौल और तनावपूर्ण हो गया. इसी बीच एक युवक न्याय की मांग करते हुए डीएसपी के पैरों पर गिर गया. इसके बाद डीएसपी द्वारा युवक को थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शनकारियों ने घायल के समुचित इलाज और खर्च की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई. काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद पुलिस ने सड़क जाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि शार्प भारत नहीं करता है और घटना को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया गया है. मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है.




