जमशेदपुर : पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपई सोरेन की पुत्री दुखनी शर्मा सोरेन का हथियार के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह जमशेदपुर परिसदन (सर्किट हाउस) का है. वीडियो को ‘आदिवासी दुखनी सोरेन’ नाम से संचालित फेसबुक आईडी पर पोस्ट किए जाने की बात भी सामने आ रही है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोगों ने हथियार के सार्वजनिक प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाते हुए पुलिस से मामले की जांच की मांग की है. एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि यदि कोई आम व्यक्ति इस तरह हथियार का प्रदर्शन करता तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो जाती, जबकि प्रभावशाली परिवार से जुड़े लोगों को लेकर अलग रवैया अपनाए जाने का आरोप लगाया. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की कि इस तरह हथियार के साथ दिखाई देना उनके परिवार में पहले भी देखने को मिला है. हालांकि सोशल मीडिया पर किए जा रहे इन दावों और टिप्पणियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर इसकी जांच करेगी? यदि वीडियो वास्तविक है तो उसमें दिख रहे हथियार की प्रकृति और उसे प्रदर्शित किए जाने की परिस्थितियों की भी जांच होगी या नहीं, इसे लेकर लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है. फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता, वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार की वास्तविक प्रकृति और इसे किस परिस्थिति में बनाया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. अब देखना यह होगा कि पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच करती है या मामला सोशल मीडिया की चर्चाओं तक ही सीमित रह जाता है. इस मामले में दुखनी सोरेन की ओर से अपना पक्ष नहीं रखा गया है.




