जमशेदपुर : जमशेदपुर के लोयोला स्कूल टेल्को के कक्षा 7वीं के छात्र अर्थव कुमार वर्मा ने तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक जीतकर स्कूल और शहर का नाम रोशन किया है. 11 अगस्त को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एमएनपीएस द्वारा आयोजित रीजनल स्विमिंग टूर्नामेंट में अर्थव ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल और 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतियोगिता में बिहार और झारखंड के 17 स्कूलों से करीब 70 प्रतिभाशाली तैराकों ने हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा के साथ अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया. दोनों स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर अर्थव ने आगामी नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है. उनकी इस उपलब्धि को कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और तैराकी के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
अर्थव की सफलता से लोयोला स्कूल टेल्को के शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और पूरा स्कूल परिवार गौरवान्वित है. स्कूल परिवार ने अर्थव को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं. स्कूल परिवार को उम्मीद है कि अर्थव नेशनल चैंपियनशिप में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर स्कूल और जमशेदपुर का नाम रोशन करेंगे.




