बहरागोड़ा: एनएच-49 पर छोटा अर्जुना के पास स्थित फलक इंडस्ट्री फ्यूल प्राइवेट लिमिटेड में बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग की तेज लपटें और धुआं पूरी यूनिट में फैल गया. आग लगते ही कंपनी में मौजूद कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और सभी ने भागकर अपनी जान बचाई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. (नीचे भी पढ़ें)

दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने एनएच-49 पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित कर स्थिति संभाली. राहत की बात यह रही कि कंपनी से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. यदि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था और हाईवे व पेट्रोल पंप के समीप इसके संचालन को लेकर आक्रोश है. ग्रामीणों ने कंपनी की वैधता, अग्नि सुरक्षा मानकों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग उठाई है.





